पांकी-रांची मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, 5 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल।
शत्रुध्न सिंह/ JKJ NEWS
18/02/2026
पांकी से रांची जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित मंगलपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार मंगलपुर गांव निवासी लालेश्वर महतो के 5 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार, जो सुकृति संस्कार विद्यालय में पढ़ाई करता है, स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। हादसे में बच्चे के माथे, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को आनन-फानन में पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डाल्टनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर वाहनों की रफ्तार काफी तेज रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, कार के मालिक का नाम अमित चंद्रवंशी बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और परिजन चिंतित हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।





