पलामू में जिला बदर आरोपी गिरफ्तार, आदेश का उल्लंघन करने पर पुलिस की कार्रवाई
पांकी, पलामू:
शत्रुध्न सिंह/ JKJ NEWS

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में जिला बदर किए गए एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि जिला बदर होने के बावजूद आरोपी जिले की सीमा के अंदर घूम रहा था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांकी थाना कांड संख्या 24/2026 दिनांक 07 मार्च 2026 के तहत धारा 223 बीएनएस 2023 तथा झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, पलामू के आदेश के अनुसार आरोपी कुश कुमार यादव (पिता – महंगा यादव), निवासी ग्राम खपरमंडा, थाना पांकी को जिले की सीमा से 07 अप्रैल 2026 तक जिला बदर किया गया था।
इसी बीच 07 मार्च 2026 को शाम करीब 4:30 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी) को सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी पांकी थाना क्षेत्र के चौपी कला गांव में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को चौपी कला रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जिला बदर आदेश के बावजूद पलामू जिले की सीमा के अंदर पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी), पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, पुअनि रंजीत कुमार, सअनि प्रमोद कुमार राय सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




