पलामू में बड़ी कार्रवाई: 960 ग्राम अफीम के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, अमानत नदी बराज के पास पुलिस ने दबोचा

Spread the love

पिपराटांड़/पलामू।

27/08/2026

शत्रुध्न सिंह/JKJ NEWS 

पलामू पुलिस की ओर से मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 960 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्रवाई 26 अगस्त 2026 को अमानत नदी बैराज के पास की गई।

गिरफ्तार युवक की पहचान सनोज भुइयां (लगभग 22 वर्ष), पिता विदेशी भुइयां, ग्राम तितलंगी, थाना पिपराटांड़, जिला पलामू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके पास से 960 ग्राम अफीम (तरल रूप में) बरामद की गई।

इस मामले में पिपराटांड़ थाना कांड संख्या 46/2026, दिनांक 26 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी) और 18(सी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की है।

पुलिस के मुताबिक पलामू एसपी के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन सफाया के तहत मादक पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई में लेस्लीगंज (पांकी) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा पिपराटांड़ थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

पलामू में इससे पहले भी पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के मामले में कार्रवाई करते हुए 508 ग्राम अफीम बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

नोट: आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top