ताल घाटी में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने कार और ई-रिक्शा को रौंदा

Spread the love

सवांददाता शत्रुधन सिंह (JKJ News)

Palamu Accident  News (JKJ News) : पांकी–बालूमाथ मुख्य पथ के ताल घाटी में मंगलवार की शाम लगभग 5:30 बजे एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना घटित हुई। एक अनियंत्रित ट्रक ने कार और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं, वहीं ई-रिक्शा पर सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग सहम गए।

कैसे हुई घटना?

प्रत्यक्षदर्शी शर्मा राम, जो स्वयं कार में सवार थे, ने बताया कि वे बालूमाथ से मेदिनीनगर की ओर जा रहे थे। कार (वाहन संख्या JH 01EY 0553) में कुल चार लोग सवार थे—बालूमाथ में पदस्थापित शिक्षक कमलेश पांडे, उनकी पत्नी, उनका ड्राइवर और सहयोगी शर्मा राम।
जब वे ताल घाटी पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक (वाहन संख्या JH 19B 5791) अचानक अनियंत्रित होकर कार में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार असंतुलित होकर एक अन्य वाहन से टकरा गई और फिर ट्रक में फंस गई।

कई मीटर तक कार को घसीटता रहा ट्रक | Palamu Accident  News

गंभीर हादसे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक चालक ने नियंत्रण खो देने के बाद कार को कई मीटर तक घसीटा। इस बीच सड़क किनारे खड़ी एक ई-रिक्शा भी उसकी चपेट में आ गई। कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन संयोगवश उसमें बैठे तीन लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल हो गए। हालांकि, एक व्यक्ति कार में बुरी तरह फंस गया और उसे बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों और पुलिस को लगभग दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

मौके से फरार हुआ ट्रक चालक

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वहीं, सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा सवार का इलाज फिलहाल जारी है।

पुलिस ने जब्त किया वाहन

पुलिस ने मौके से ट्रक और कार दोनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

लोगों में दहशत और आक्रोश

इस भीषण सड़क दुर्घटना के बाद ताल घाटी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ और घाटी क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और चौकसी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top