Palamu DC Sameera S ने पांकी में किया औचक निरीक्षण, दिए कई निर्देश
शत्रुधन कुमार सिंह/ JKJ News
Palamu DC Sameera S ने शनिवार को पांकी प्रखंड का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन एवं सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और छात्राओं की शिक्षा-सुविधा का जायजा लेना था।
निरीक्षण की शुरुआत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी से की गई। उपायुक्त ने वहां मौजूद चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद एवं अन्य स्टाफ से स्वास्थ्य सेवाओं की अद्यतन जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी कक्षों का भ्रमण किया और दस्तावेजों की जांच की। कॉन्फ्रेंस हॉल में अव्यवस्थित सामग्रियों को देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। शौचालय, ओपीडी, प्रसव कक्ष, कुपोषण केंद्र, लैब और भंडारण कक्ष की स्थिति की भी गहराई से जांच की गई।
इसके बाद उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित पेयजल आपूर्ति केंद्र का मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों से जलापूर्ति की स्थिति पर जानकारी ली।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान यह बात सामने आई कि गर्मी के मौसम में नदी सूखने के कारण जल आपूर्ति में दिक्कतें आती हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जलापूर्ति को नियमित रखने के निर्देश दिए और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करने को भी कहा।
दौरे के अंतिम चरण में उपायुक्त कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने उनका बैंड-बाजे के साथ स्वागत किया। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में कक्षाओं, छात्रावास, प्रयोगशाला और रसोई घर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रसोई घर की स्थिति सुधारने को लेकर भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह निरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया है जिससे व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित प्रसाद सिंह, अंचलाधिकारी राजकुंवर सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।