Rudra Mahayagya in Panki : उकसू-बरवाडीह में उमड़ी हजारों की आस्था

Spread the love

Rudra Mahayagya in Panki : उकसू बरवाडीह की नग्निया पहाड़ी पर भव्य शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

पांकी पलामू (JKJ News) : पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत उकसू बरवाडीह गांव स्थित नग्निया पहाड़ी पर एक भव्य और आकर्षक मंदिर का निर्माण किया गया है। इस नव-निर्मित मंदिर में देवों के देव महादेव एवं उनके परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ किया जा रहा है। यह आयोजन सनातन धर्म की आस्था, एकता और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत प्रतीक बनकर उभरा है।

अयोध्या के योग सम्राट स्वामी जी का आगमन

इस ऐतिहासिक महायज्ञ का संचालन योग सम्राट शेषनारायणाचार्य स्वामी जी महाराज (सीता कुंड, अयोध्या) के सान्निध्य में हो रहा है। प्रवचन हेतु अयोध्या से पधारे अनंत श्री विभूषण 1008 राघव प्रपन्नाचार्य स्वामी जी महाराज श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दे रहे हैं। उनके साथ बक्सर से 1008 श्री श्री विश्वाचार्य जी महाराज, रांची (झारखंड) से श्री जयंती शास्त्री जी तथा बनारस से जय प्रकाश उपाध्याय जी अपने वेदविद्वानों के साथ उपस्थित होकर यज्ञ को वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न करा रहे हैं।

प्रतिदिन रात्रि में होने वाले प्रवचनों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, कड़ाके की ठंड के बावजूद, कथा श्रवण हेतु पहुंच रहे हैं। विशेष बात यह है कि महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से अधिक है। छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग, माताएं और बहनें पूरे परिवार के साथ कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं।

24 घंटे अखंड भंडारे का भी आयोजन

यज्ञ स्थल पर 24 घंटे अखंड भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें पूड़ी, सब्जी, चावल और दाल सहित प्रसाद की व्यवस्था है, ताकि कोई भी श्रद्धालु भूखा न लौटे। मंदिर और मुख्य मार्ग को रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों से सजाया गया है, जो रात्रि में मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा है।

ढूब पंचायत के मुखिया यशवंत सिंह (जिनके पंचायत क्षेत्र में उकसू बरवाडीह आता है) ने इसे अपने कार्यकाल की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि गांववासियों ने तन-मन-धन से सहयोग कर इस महायज्ञ को भव्य स्वरूप दिया है, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। यज्ञ समिति के मुख्य अतिथि समाजसेवी बबन सिंह रहे, जिन्होंने आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। समिति के अध्यक्ष अंकेश सिंह, सचिव मंटू सिंह, कोषाध्यक्ष मनीष सिंह सहित सभी सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पांकी प्रखंडवासियों से अपील की गई है कि वे उकसू बरवाडीह की नगनिया पहाड़ी पर आयोजित इस शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ में शामिल होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करें और भव्य भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लें। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top