पलामू डिज्नीलैंड मेला 2026: 88.20 लाख की बोली पर पवन कुमार गुप्ता को मिला ठेका

Spread the love

शत्रुध्न सिंह/ JKJ NEWS

मेदिनीनगर (पलामू)। मेदिनीनगर नगर निगम परिसर में आयोजित डिज्नीलैंड मेला प्रदर्शनी के लिए टेंडर प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। पूरी प्रक्रिया महापौर अरुणा शंकर की अध्यक्षता में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

डाक बोली प्रक्रिया में कुल तीन प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चंचल कुमार मिश्रा ने 88 लाख 10 हजार रुपये, पवन कुमार गुप्ता ने 88 लाख 20 हजार रुपये तथा बैजनाथ सिंह ने 88 लाख रुपये की बोली लगाई। सर्वाधिक बोली लगाने के कारण पवन कुमार गुप्ता को डिज्नीलैंड मेला प्रदर्शनी के संचालन का ठेका प्रदान किया गया।

नगर निगम के अनुसार, डिज्नीलैंड मेला 20 जुलाई 2026 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। करीब दो महीने तक चलने वाले इस मेले में आधुनिक झूले, मनोरंजन के विभिन्न साधन, प्रदर्शनी स्टॉल और खान-पान की दुकानें लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

नगर निगम का कहना है कि मेले से शहरवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों और छोटे व्यवसायियों को भी अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री का बेहतर अवसर मिलेगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के मेले में पहुंचने की उम्मीद है।

बैठक में मेले की सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया गया, ताकि आयोजन सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। :::

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top