15 मई को पांकी में झामुमो का कार्यकर्ता सम्मेलन, नई प्रखंड कमेटी का होगा गठन

Spread the love

मिथलेश पांडेय

बाबा मैरेज हॉल में जुटेंगे कार्यकर्ता और जिला पदाधिकारी, संगठन विस्तार पर होगी अहम चर्चा।

पांकी (पलामू): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा संगठन को प्रखंड स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से 15 मई 2026 को पांकी में एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन थाना रोड स्थित बाबा मैरेज हॉल में आयोजित होगा, जिसमें जिला स्तरीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

यह जानकारी झामुमो नेता मिथलेश पाण्डेय ने बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान पांकी प्रखंड कमेटी के पुनर्गठन पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

संगठन को फिर से मजबूत करने की तैयारी

मिथलेश पाण्डेय ने कहा कि पूर्व प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा के निधन के बाद पांकी प्रखंड में संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित हुई थीं और कमेटी बिखर गई थी। ऐसे में पार्टी नेतृत्व ने निष्पक्ष और मजबूत संगठन निर्माण के उद्देश्य से नई कमेटी के गठन का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि नई प्रखंड कमेटी के गठन से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने में सहायता मिलेगी और युवाओं व सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में शामिल होने की अपील

झामुमो नेता मिथलेश पाण्डेय ने पांकी प्रखंड के सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे 15 मई को अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और उनके सहयोग से ही संगठन लगातार मजबूत होता है।

प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद

प्रेस वार्ता के दौरान सुबोध सिंह, वीरेंद्र गिरी, सुनील प्रसाद, प्रमोद प्रसाद गुप्ता, उदय प्रसाद गुप्ता, मुखिया नीतीश कुमार, संतोष भुइया, राजकुमार उरांव, संजय यादव और बलराम यादव सहित कई समाजसेवी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top