शत्रुध्न सिंह/ JKJ NEWS
पांकी (पलामू)। पांकी थाना क्षेत्र के थाना रोड स्थित एक किराए के मकान में रहने वाले एक फिजिकल टीचर ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान सत्यप्रकाश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वे सिलदिलिया स्थित विद्यालय में फिजिकल टीचर के पद पर कार्यरत थे तथा मूल रूप से जौनपुर उत्तरप्रदेश के निवासी बताए जाते हैं। वर्तमान में वे पांकी थाना रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पांकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पांकी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दुखद घटना से विद्यालय परिवार, सहकर्मियों एवं स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।




